लोकदर्शन 👉धनराज सिंग शेखावत
गढ़चांदूर : आर्ट ऑफ़ लिविंग परिवार गढ़चांदूर एवं नांदाफाटा की ओर से पूज्य गुरुदेव श्री श्री रविशंकर के 70वें जन्मोत्सव के अवसर पर बुधवार, 13 मई 2026 को विशेष कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम स्थानीय प्रशिक्षक आदरणीय ओमप्रकाश जी गुप्ता सर की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन योग साधना से हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में साधकों ने उत्साहपूर्वक सहभाग लिया। इसके पश्चात गुरु पूजा, भजन एवं भक्तिमय गीतों की मधुर प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा और आनंद से सराबोर कर दिया। उपस्थित साधकों ने गुरुदेव के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके दीर्घायु एवं विश्वशांति के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रशिक्षक ओमप्रकाश जी गुप्ता का सपत्नीक शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। गढ़चांदूर शहर में आर्ट ऑफ़ लिविंग की शुरुआत करने हेतु राजस्थानी समाज सेवा समिति गढ़चांदूर के अध्यक्ष गोपाल मालपानी, उपाध्यक्ष धनंजय छाजेड़, सचिव धनराज सिंह शेखावत सहित नित्यानंद आश्रम के अध्यक्ष शंकरभाऊ देवाड़कर तथा व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष हंसराज चौधरी का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में गढ़चांदूर एवं नांदाफाटा क्षेत्र के अनेक साधक, सदस्य एवं गुरुभक्त बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में सभी के लिए अल्पोपहार की व्यवस्था की गई। आयोजन को सफल बनाने हेतु सभी उपस्थित सदस्यों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया।




