Home
Home गडचांदूर / कोरपणा महाराष्ट्र की बेटी ने बढ़ाया क्षेत्र का मान 🔴कोरपना की श्वेता...

महाराष्ट्र की बेटी ने बढ़ाया क्षेत्र का मान 🔴कोरपना की श्वेता जेनेकर ने कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से प्राप्त की एमबीए फाइनेंस की डिग्री

लोकदर्शन 👉धनराज सिंह शेखावत | गढ़चांदूर :

ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों में भी मेहनत, लगन और उचित मार्गदर्शन के बल पर वैश्विक स्तर पर सफलता प्राप्त करने की क्षमता होती है, यह एक बार फिर सिद्ध करते हुए मूलतः कोरपना तहसील के पिंपरी (नारंडा) निवासी तथा वर्तमान में तेलंगाना राज्य के आदिलाबाद में निवासरत माइनिंग इंजीनियर किशोर उद्धव जेनेकर की पुत्री श्वेता किशोर जेनेकर ने इंग्लैंड के विश्वविख्यात कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय अंतर्गत किंग्स कॉलेज से एमबीए फाइनेंस की डिग्री सफलतापूर्वक पूर्ण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उनकी इस सफलता से कोरपना तहसील के गौरव में मान का तुरा जुड़ गया है।

वर्ष 1441 में राजा हेनरी षष्ठम द्वारा स्थापित किंग्स कॉलेज विश्व की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थाओं में गिना जाता है। लगभग 584 वर्षों की ऐतिहासिक एवं वैचारिक परंपरा से समृद्ध इस संस्थान ने विश्वभर में अनेक महान व्यक्तित्वों को तैयार किया है। स्वतंत्र चिंतन, अनुसंधान तथा वैश्विक नेतृत्व निर्माण के लिए प्रसिद्ध इस संस्थान से उच्च शिक्षा प्राप्त करना श्वेता के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण एवं अविस्मरणीय अनुभव रहा।

विशेष उल्लेखनीय है कि भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, डॉ. मनमोहन सिंह, नोबेल पुरस्कार विजेता अमर्त्य सेन तथा नेताजी सुभाषचंद्र बोस जैसे महान व्यक्तित्वों का भी कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से शैक्षणिक संबंध रहा है। ऐसे विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर श्वेता ने ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।

हाल ही में आयोजित भव्य दीक्षांत समारोह में श्वेता को एमबीए फाइनेंस की डिग्री प्रदान की गई। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों तथा मित्रों द्वारा अभिनंदन किया जा रहा है।

श्वेता ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा आदिलाबाद में पूर्ण की। इसके बाद हैदराबाद स्थित डीआरएस इंटरनेशनल स्कूल से उच्च माध्यमिक शिक्षा प्राप्त की तथा आगे नागपुर के विश्वेश्वरैया नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से बी.ई. आर्किटेक्चर की डिग्री हासिल की। शिक्षा के प्रति निरंतर समर्पण, कठिन परिश्रम और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर उन्होंने यह सफलता प्राप्त की।

कोरपना तहसील की ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाली किसी बेटी द्वारा कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त करने की यह संभवतः पहली घटना होने से पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का वातावरण है। श्वेता की इस सफलता से ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को भी वैश्विक स्तर पर शिक्षा प्राप्त करने की प्रेरणा मिलेगी, ऐसी भावना व्यक्त की जा रही है।

श्वेता ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवारजनों एवं प्राध्यापकों के मार्गदर्शन को दिया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विभिन्न स्तरों से शुभकामनाएं एवं अभिनंदन व्यक्त किए जा रहे हैं।🚩

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here