लोकदर्शन 👉धनराज सिंह शेखावत | गढ़चांदूर :
बिबी गांव में आज सुबह करीब 5 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में शौच के लिए जा रहे 67 वर्षीय बुजुर्ग राजू सोयाम की तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत फरार हो गया, जिससे गांव में आक्रोश फैल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग राजू सोयाम सुबह सड़क किनारे जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। हालांकि मौके पर ट्रक की टूटी हुई नंबर प्लेट (AP 05 TD 1034) मिली, जिससे वाहन के ‘केटीसी ट्रांसपोर्ट’ का होने तथा अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी की ओर जाने की जानकारी सामने आई।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के शव को सड़क पर रखकर आर्थिक मुआवजे की मांग को लेकर ‘रास्ता रोको’ आंदोलन शुरू कर दिया। आंदोलन के कारण मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गढ़चांदूर के पुलिस निरीक्षक शिवाजी कदम तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस निरीक्षक ने ट्रांसपोर्ट कंपनी से संपर्क साधकर मध्यस्थता की, जिसके बाद मृतक के परिवार को तीन लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने पर सहमति बनी। इसमें से 50 हजार रुपये तत्काल दिए गए, जबकि शेष राशि शाम तक देने का आश्वासन दिया गया।
मुआवजे की घोषणा के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन वापस लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर यातायात सुचारू कराया तथा मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।





